http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 23 मार्च, 2007 को 20:43 GMT तक के समाचार

वाजपेयी के बिना भाजपा का प्रचार

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत नहीं करेंगे.

पार्टी के उपाध्यक्ष मुख़्तार अब्बास नक़वी का कहना है कि वो बाद के चरण में प्रचार करेंगे.

इसस पहले भाजपा ने शुरुआती चरण में ही वाजपेयी को प्रचार अभियान में उतारने की योजना बनाई थी.

लेकिन नक़वी ने शनिवार को कहा, "वो बाद के चरण में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे. हो सकता है कि अप्रैल के पहले हफ़्ते में वो प्रचार करें."

उनके मुताबिक पार्टी का मानना है कि प्रचार अभियान में गति आ जाने के बाद ही वाजपेयी का उतरना ठीक रहेगा.

योजना के मुताबिक अटल बिहारी वाजपेयी रविवार को कानपुर में कल्याण सिंह के साथ चुनावी रैली को संबोधित करने वाले थे.

अब इस सभा में कल्याण सिंह के साथ सुषमा स्वराज हिस्सा लेंगी. भाजपा ने उत्तर प्रदेश चुनाव में अपना दल के साथ गठबंधन किया है.

भाजपा ने 11 स्थानों से एक साथ चुनाव प्रचार शुरु करने की योजना बनाई है. इसके तहत पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और लालजी टंडन आगरा में चुनावी सभा करेंगे और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह जनता दल (यूनाईटेड) के नेता शरद यादव के साथ झांसी में प्रचार अभियान शुरू करेंगे.

चुनाव आयोग ने राज्य में 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में चुनाव कराने का फ़ैसला किया है.

पहले चरण का मतदान सात अप्रेल को होगा और आख़िरी चरण का मतदान आठ मई को होगा.